ATM पर जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी! केंझर में 232 एटीएम कार्ड के साथ 4 शातिर ठग गिरफ्तार

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अगर आप भी एटीएम से पैसे निकालते समय लापरवाही बरतते हैं, तो सावधान हो जाइए। ओडिशा की केंझर पुलिस ने एक ऐसे बेहद शातिर और संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पलक झपकते ही आपका एटीएम कार्ड बदल देता था और बाद में आपके खाते से गाढ़ी कमाई साफ कर देता था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बरामदगी देखकर पुलिस भी हैरान
​पुलिस ने जब इस गिरोह के ठिकानों पर छापेमारी की, तो बरामद सामान देखकर हर कोई दंग रह गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 232 विभिन्न बैंकों के एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 लाख 260 रुपये नगद कैश, 9 मोबाइल फोन
​1 कार (वारदात में इस्तेमाल होने वाली) बरामद की है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह ओडिशा के अलग-अलग जिलों में 30 से अधिक वित्तीय धोखाधड़ी और एटीएम कार्ड स्वैपिंग की वारदातों को अंजाम दे चुका है। केंझर टाउन थाना में पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(C) व 66(D) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बलराम साहू, मृत्युंजय मोहापात्र, मानस रंजन पाणि और पूर्ण चंद्र मलिक के रूप में हुई है।

सावधान! जानिए कैसे जाल में फंसाते थे ये ठग
​पुलिस पूछताछ में इस गिरोह ने जो तौर-तरीके बताए हैं, उन्हें हर बैंक उपभोक्ता को जान लेना चाहिए ताकि वे ठगी से बच सकें।
पिन चोरी से देखना: गिरोह के सदस्य एटीएम केबिन के अंदर या ठीक पीछे खड़े हो जाते थे। जब कोई ग्राहक पैसे निकालने के लिए अपना पिन दर्ज करता था, तो ये शातिर चुपके से उसका पिन नंबर देख लेते थे।
बातों में उलझाकर कार्ड बदलना: इसके बाद मदद करने के बहाने या कोई अन्य बात बोलकर (जैसे- मशीन काम नहीं कर रही या कैश नहीं निकला) ग्राहक का ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान वे इतनी सफाई से असली एटीएम कार्ड को अपने पास मौजूद किसी फर्जी कार्ड से बदल देते थे कि ग्राहक को भनक तक नहीं लगती थी।
खाता साफ करना: जैसे ही ग्राहक नकली कार्ड लेकर वहां से जाता, ये ठग असली कार्ड और पहले से देखे गए पिन का इस्तेमाल कर खाते से मोटी रकम उड़ा लेते थे। ग्राहकों को ठगी का पता तब चलता था जब मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज आता था।

ATM का इस्तेमाल करते समय बरतें ये 4 सावधानियां
पिन छुपाकर डालें: एटीएम में पिन डालते समय हमेशा दूसरे हाथ से कीपैड को ढक लें, ताकि पीछे खड़ा कोई भी व्यक्ति या वहां लगा कोई खुफिया कैमरा आपका पिन न देख सके।
केबिन में किसी को न आने दें: जब आप ट्रांजैक्शन कर रहे हों, तो किसी भी अनजान व्यक्ति को केबिन के अंदर न आने दें।
मदद लेने से बचें: अगर पैसे निकालने में कोई दिक्कत आ रही है, तो किसी अजनबी की मदद लेने के बजाय बैंक के गार्ड या बैंक कर्मचारी से संपर्क करें।
कार्ड की जांच करें: एटीएम मशीन से हटने से पहले यह जरूर सुनिश्चित कर लें कि जो कार्ड आपके हाथ में है, उस पर आपका ही नाम लिखा है।
आगे की कार्रवाई: पुलिस फिलहाल आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और देश के बाकी राज्यों में दर्ज मामलों का पता लगाया जा सके।

Share This Article