​जमशेदपुर में बड़ा हादसा टला: सोनारी के मौनी बाबा आश्रम में उठीं आग की भयंकर लपटें, मची अफ़रा-तफ़री

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रंगीला चौक के समीप स्थित सुप्रसिद्ध मौनी बाबा मंदिर आश्रम परिसर में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि स्थानीय निवासियों की मुस्तैदी और बहादुरी से आश्रम में बांधी गई बेजुबान गायों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुआल के ढेर ने पकड़ा शोला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त आश्रम के मवेशी शेड के पास लगे बिजली बोर्ड से अचानक चिंगारियां निकलने लगी। देखते ही देखते शार्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने पास में ही रखे सूखे पुआल के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया। हवा के रुख के साथ आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं और देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं के गुबार से भर गया।

मुस्तैदी से बची गोवंश की जान
आग की भयावह लपटें और धुआं उठते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए आसपास के युवा और स्थानीय लोग तुरंत मंदिर परिसर की ओर दौड़े। धुएं और तपिश के बीच युवाओं ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए शेड में फंसी गायों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पाइप और बाल्टियों से पानी डालकर आग को आगे बढ़ने से रोका और उस पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।

बड़ा नुकसान टला
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति या गोवंश के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती आकलन के अनुसार, आग की वजह से आश्रम में रखा चारा और पुआल पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण इलेक्ट्रिकल शार्ट सर्किट ही माना जा रहा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है।

Share This Article