गम्हरिया प्रखंड के सरकारी अनाज गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का अनाज जलकर राख

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सरकारी अनाज गोदाम में बीते मंगलवार की देर रात अचानक भीषण आग लग जाने से लाखों रुपए मूल्य का सरकारी अनाज जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लेकिन घटनास्थल पर मिले संदिग्ध सामानों से आगजनी की इस घटना ने किसी आशंका को बल दे दिया है। आसपास के लोगों द्वारा बुधवार की सुबह करीब सात बजे गोदाम से उठ रहे धुएं को देखने के बाद तत्काल इसकी सूचना गोदाम के कर्मचारियों और गम्हरिया सीओ सह प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण कुमार को दी। इसके बाद सीओ द्वारा इसकी सूचना झारखंड अग्निशमन विभाग और जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा को दी।

सूचना पर मौके पर पहुंचे गोदाम के प्रभारी सहायक प्रबंधक अभिषेक हाजरा ने अपने सहयोगियों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन वे उक्त आग के लपटों की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें तत्काल जमशेदपुर स्थित टीएमएच में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर, घटना की सूचना पाकर झारखंड अग्निशमन विभाग की दमकल मौके पर पहुंची और अथक परिश्रम के बाद उक्त आग पर काबू पाया लेकिन तब तक गोदाम का अधिकतर अनाज जलकर नष्ट हो गया था।

आगलगी की सूचना पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा और आदित्यपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचे और गोदाम का मुआयना किया।घटनास्थल से टूटा ताला, लाइटर, पेट्रोल का गैलन, ताबीज और गमछा आदि बरामद किया गया है। साथ ही, सीसीटीवी कैमरे और गोदाम का मुख्य द्वार भी क्षतिग्रस्त पाया गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने आशंका जताई कि यह आग किसी असामाजिक तत्वों द्वारा साजिश के तहत लगाई गई प्रतीत होती है।

उन्होंने बताया फिलहाल मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। बताया गया है कि इस गोदाम में 1000 क्विंटल से अधिक अनाज रखा था। हालांकि, फिलहाल इस आगलगी से नुकसान का आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। इस भीषण आगलगी के जांच की प्रक्रिया जारी है।

Share This Article