डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब सड़क हादसा सामने आया है। टाटा मोटर्स के साउथ गेट के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन असली ड्रामा तो टक्कर के बाद शुरू हुआ।
कार खुलते ही ‘अवाक’ रह गए लोग
हादसे के बाद जब स्थानीय लोग मदद के लिए कार के पास पहुंचे, तो नजारा देख उनके होश उड़ गए। कार के अंदर एक-दो नहीं, बल्कि छह बकरियां ठूंसकर भरी गई थीं। हैरानी की बात यह रही कि इतनी भयानक टक्कर के बावजूद कार सवार मौके से गायब हो गया।
शराब और चोरी का शक
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार कार के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। कार पर रांची का रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित है। स्थानीय लोगों के बीच अब यह चर्चा तेज है कि कार सवार या तो बकरी चोर गिरोह के सदस्य थे या फिर अवैध तरीके से पशुओं की तस्करी कर रहे थे।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि गंभीर हादसे के बाद भी चालक और उसके साथी इतनी जल्दी कहां और कैसे गायब हो गए? क्या उन्हें चोट नहीं आई, या वह गिरफ्तारी के डर से लहूलुहान हालत में ही भाग निकले? पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है।

