अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर हमला, बदले की कार्रवाई कर रही बीजेपी, 2026 में 50 सीटें भी नहीं जीत पाएगी पार्टी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को दक्षिण 24 परगना के सतगछिया में एक जनसभा में भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बंगाल में 50 सीटें भी नहीं मिलेंगी।

2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 200 प्लस सीटों का लक्ष्य रखा था, लेकिन केवल 77 सीटें ही जीत सकी थी। अभिषेक ने कहा कि 2019 की तुलना में 2024 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी की सीटें बढ़ीं, जैसा उन्होंने पहले दावा किया था। उन्होंने केंद्र सरकार पर बंगाल को वंचित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा बदले की राजनीति कर रही है और बंगाल के लिए विभिन्न परियोजनाओं के फंड रोक रही है।

अभिषेक ने भाजपा पर नफरत और भेदभाव की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘बंगाल में कुछ लोगों ने गुजरात और मध्य प्रदेश के BJP नेताओं को खुश करने के लिए अपनी लाज-शर्म बेच दी। लेकिन बंगाल की जनता ने इसका जवाब दे दिया है।’ उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपने कूटनीतिक दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि TMC देश की बात करती है, जबकि PM और गृह मंत्री बंगाल में विभाजन की राजनीति करते हैं।

केंद्र पर निशाना साधते हुए अभिषेक ने कहा कि भाजपा बंगाल में हार के बाद बदला ले रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि ‘अगर जनता चाहेगी, तो BJP का अहंकार 10 सेकंड में चकनाचूर हो जाएगा।’ अभिषेक के इस बयान ने बंगाल की सियासत में नया तूफान खड़ा कर दिया है, और अब सभी की नजरें 2026 के विधानसभा चुनाव पर टिकी है।

Share This Article