डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : गम्हरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। यह घटना तुरामडीह गांव से सटे महुलडीह में मेला देखने जाने के दौरान हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग बच्ची अपने दूर के रिश्तेदार के साथ पैदल मेला जा रही थी। रास्ते में बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक बच्ची का हाथ पकड़कर उसे जंगल की ओर खींच लिया और उसके साथ जबरदस्ती की। बच्ची के घर पहुंचने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के बेलडीह गांव निवासी 23 वर्षीय लालबाबू तियू के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस सबूत जुटाए जा रहे हैं।

