रामगढ़। उपायुक्त चंदन कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी की अध्यक्षता में राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंतरिक संसाधन, उत्पाद, खनन और विद्युत सहित विभिन्न विभागों द्वारा अब तक प्राप्त उपलब्धियों की गहन समीक्षा की गई।
अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को राजस्व संग्रहण के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए। नीलाम पत्र वादों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित जिला, अनुमंडल एवं अंचल अधिकारियों को बैंक प्रतिनिधियों से समन्वय कर मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
आईटी मैनेजर वेदांत कुमार द्वारा अंचलवार कार्यों की प्रस्तुति प्रोजेक्टर के माध्यम से दी गई। दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता ने स्पष्ट रूप से कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी अंचलों में न्यायालय संबंधी मामलों में कॉज लिस्ट को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में परिशोधन पोर्टल के माध्यम से आमजनों को दी जा रही भूमि संबंधित सुविधाओं की समीक्षा भी की गई। अपर समाहर्ता ने कहा कि पोर्टल पर लंबित सभी आवेदनों का निष्पादन शीघ्र किया जाए ताकि जनता को समय पर सेवा मिल सके।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर समेत सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में राजस्व व्यवस्था को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया गया।