मिरर मीडिया : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा के आदित्य साहू और झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए हैं। इस बाबत विधानसभा के प्रभारी सचिव सह रिटर्निंग अफसर द्वारा दोनों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करते हुए दोनों को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।
गौरतलब है कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव के लिए दो प्रत्याशी ने ही नामांकन किया था। हालांकि नामांकन के साथ ही दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित थी। इसके बाद निर्वाची पदाधिकारी ने दोनों के निर्वाचित होने की घोषणा की।
ज्ञात रहें कि भाजपा से राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार और मुख्तार अब्बास नकवी का कार्यकाल पूरा होने से झारखंड में राज्यसभा की दो सीटें खाली हुई थीं। दोनों सांसदों का कार्यकाल 7 जुलाई को समाप्त हो रहा है। बता दें कि झारखंड में राज्यसभा के छह सीट हैं। इस बार एक सीट भाजपा के कोटे में आयी है और एक सीट झामुमो के कोटे में गयी है। इस तरह झारखंड से राज्यसभा में भाजपा की एक सीट कम हो गयी.

