आदित्यपुर शूटआउट का खुलासा: पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग में चली थी गोली, दो गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चर्चित ‘लालू शूटआउट’ कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक पटाक्षेप कर दिया है। 2 मार्च को राजवीर सिंह उर्फ लालू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल और एक देशी कट्टा, एक मैगजीन, 16 जिंदा गोलियां और 4 अन्य कारतूस वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद किया है।

क्या था पूरा मामला?
घटना 2 मार्च की है, जब मांझी टोला सिरिस भट्टा इलाके में राजवीर सिंह उर्फ लालू अपने साथी आकाश दीप के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इसी दौरान शुभम और राज लोहार ने जान से मारने की नीयत से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली मोटरसाइकिल के पीछे बैठे राजवीर (लालू) को लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।

पुरानी रंजिश और ‘इश्क’ का चक्कर
पुलिस की पूछताछ में इस हमले के पीछे की चौंकाने वाली वजह सामने आई है। SP ने बताया कि आरोपियों और पीड़ित पक्ष के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। विवाद की मुख्य जड़ आकाश दीप का एक प्रेम प्रसंग था, जिसे लेकर दोनों गुटों के बीच तनातनी बढ़ गई थी और अंततः यह हिंसक वारदात में तब्दील हो गई।

पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस सफल उद्भेदन में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, एएसआई राजेंद्र कुमार, विनोद टुडू, रमण कुमार विश्वकर्मा, अमीश कुमार और महेश उरांव सहित तकनीकी शाखा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share This Article