डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के आरआइटी थाना अंतर्गत एनआइटी मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या ने उस समय अजीबोगरीब मोड़ ले लिया, जब स्थानीय लोगों ने विरोध का एक अनोखा तरीका अपनाया। प्रशासन की उदासीनता से नाराज होकर लोगों ने बीच सड़क पर ‘मोमोज पार्टी’ शुरू कर दी, जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
मामला आरआइटी मैदान से एनआइटी जाने वाली सड़क का है, जहां ठेले वालों के अवैध कब्जे से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। स्थानीय पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी और निवासियों का आरोप है कि पुलिस को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। बुधवार शाम को लोगों का सब्र जवाब दे गया। दर्जनों महिलाओं और युवाओं ने सड़क के बीचों-बीच खड़े होकर उन्हीं ठेलों से मोमोज खरीदे और खाने लगे।
इस प्रदर्शन के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस और जनता के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मामला इतना बढ़ गया कि सरायकेला एसडीओ को हस्तक्षेप करना पड़ा। एसडीओ की फटकार के बाद रात करीब 9 बजे प्रशासन हरकत में आया और पुलिस बल ने सख्ती दिखाते हुए सड़क किनारे से सभी अवैध दुकानों और ठेलों को हटाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, बल्कि नियमित पेट्रोलिंग के जरिए सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना चाहिए।

