आसनसोल – आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन अलर्ट : सर्वदलीय बैठक आयोजित

KK Sagar
2 Min Read

18.88 लाख मतदाता करेंगे मतदान

आसनसोल: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही जिले में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को आसनसोल स्थित जिला शासक कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिलाशासक एस. पन्नाबलम की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आसनसोल–दुर्गापुर पुलिस आयुक्त सुनील कुमार चौधरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिला प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन से जुड़े विभिन्न दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

जिलाशासक ने जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम बर्दवान जिले में कुल 18,88,698 मतदाता हैं। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरत पड़ने पर जिले में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 2588 तक की जा सकती है, ताकि मतदान के दिन भीड़ कम रहे और सभी मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

बैठक के दौरान कुछ राजनीतिक दलों ने मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को लेकर अपनी आपत्तियां भी दर्ज कराईं। इस पर जिलाशासक ने स्पष्ट किया कि कुछ मामलों से जुड़े मतदाता न्यायालय में विचाराधीन हैं, इसलिए इस विषय पर फिलहाल टिप्पणी करना संभव नहीं है।

जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने और जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराने में सहयोग देने की अपील की। प्रशासन की ओर से कहा गया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....