धनबाद – होमगार्ड बहाली में कदाचार रोकने को हाईटेक व्यवस्था, प्रशासन ने कसी कमर

KK Sagar
2 Min Read

शारीरिक दक्षता और लेखन परीक्षा को लेकर व्यापक समीक्षा, पारदर्शिता पर जोर

धनबाद जिले में होमगार्ड (गृह रक्षक) के रिक्त पदों पर बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आवासीय कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में 06 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा और लेखन क्षमता परीक्षा की तैयारियों का बारीकी से आकलन किया गया। इस दौरान रनिंग ट्रैक की स्थिति, स्टेडियम लेआउट, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास प्रबंधन, एडमिट कार्ड सत्यापन, पंजीकरण काउंटर, वेटिंग एरिया, पेयजल, शौचालय और मेडिकल सुविधा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही प्रतिदिन एनआईसी के माध्यम से परीक्षा परिणाम जारी करने की व्यवस्था पर भी विचार किया गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूरी चयन प्रक्रिया तकनीक आधारित होगी। दौड़ के दौरान चिप सिस्टम का उपयोग किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की मानवीय त्रुटि या पक्षपात की संभावना समाप्त हो सके। परीक्षा का आयोजन बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

बैठक के बाद उपायुक्त और अन्य अधिकारियों ने बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान रनिंग ट्रैक समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अगले दिन शाम तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....