एक्शन मोड में प्रशासन: जनशिकायत निवारण दिवस में समस्याओं का ‘ऑन द स्पॉट’ समाधान का निर्देश

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों व शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी शिकायतें व मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष रखे। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और अनावश्यक विलंब के लिए संबंधित पदाधिकारी जवाबदेह होंगे।

जनशिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों में चिकित्सा सहायता की मांग, पारिवारिक विवादों के समाधान, अबुआ आवास योजना के अंतर्गत लंबित राशि निर्गत करने, मानदेय भुगतान में देरी, एकल महिला को सहायता उपलब्ध कराने, भूमि विवाद, निजी विद्यालयों में फीस वृद्धि की शिकायत, राशन कार्ड निर्गमन, दुकान आवंटन, जमीन कब्जा मुक्त कराने, निजी विद्यालयों में बीपीएल कोटे के तहत नामांकन, फीस माफी, विद्यालयों में नामांकन, रोजगार उपलब्ध कराने, किराया निर्धारण (रेंट फिक्सेशन), भूमि म्युटेशन, सहायिका से सेविका पद पर पदोन्नति, अप्रोच रोड निर्माण, नक्शा विचलन व जनहित से जुड़े अन्य आवेदन सम्मिलित रहे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदन से जुड़े लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। कमजोर व जरूरतमंद वर्गो से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायत निवारण दिवस आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक प्रयास है और इसका उद्देश्य प्रशासन व जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण करना है।

Share This Article