रामगढ़: नई कोयला नीति-2007 के तहत फैक्ट्रियों को कोयला आवंटन और आपूर्ति की प्रक्रिया की समीक्षा को लेकर सोमवार को जिला निरीक्षण समिति ने मरार स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। समिति ने फैक्ट्रियों में उत्पादन, कोयले की खपत और संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण समिति के अध्यक्ष सह जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के नेतृत्व में श्रम अधीक्षक अनिल कुमार रंजन, जिला कोषागार सह जिला लेखा पदाधिकारी मंजू शोभा एक्का, स्टेट टैक्स ऑफिसर मनीष मिंज तथा रजत शुभ्रा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार नई कोयला नीति-2007 के तहत संचालित फैक्ट्रियों को सरकार द्वारा बाजार मूल्य से कम दर पर कोयले की आपूर्ति की जाती है, ताकि उद्योगों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। कोयला आवंटन से पहले जिला निरीक्षण समिति द्वारा संबंधित फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया जाता है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही कोयला आपूर्ति की स्वीकृति दी जाती है।
समिति ने जिन औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया उनमें मैसर्स इको फ्रेंडली फ्यूल एंटरप्राइजेज, श्री बालाजी श्रमिक, मैसर्स इकोनॉमिकल डोमेस्टिक फ्यूल एंटरप्राइजेज, मैसर्स किरण श्रमिक तथा मोनोथैक्स शामिल हैं।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान फैक्ट्रियों में उपलब्ध संसाधनों, उत्पादन क्षमता और कोयले के उपयोग से संबंधित दस्तावेजों की भी समीक्षा की। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे कोयला आपूर्ति संबंधी निर्णय लिया जाएगा।

