झरिया के इंदिरा चौक की भयावह स्थिति पर प्रशासन सख्त: धनबाद में भू-धंसान रोकने के लिए बीसीसीएल को सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश

KK Sagar
4 Min Read

भू-धंसान और भूस्खलन पर प्रशासन की चिंता

धनबाद में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में कोयला खनन क्षेत्रों में हो रही भू-धंसान और भूस्खलन की घटनाओं की रोकथाम एवं जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने कहा कि हाल के दिनों में विभिन्न कोलियरी क्षेत्रों में ऐसी घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों का जीवन असुरक्षित हो गया है। उन्होंने कहा कि राहत, बचाव और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण है, फिर भी जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।


प्रबंधन की लापरवाही पर जताई नाराज़गी

उपायुक्त ने कहा कि कई मामलों में प्रबंधन की लापरवाही और आउटसोर्सिंग एजेंसियों की उदासीनता के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन अपेक्षित स्तर पर नहीं किया जा रहा, जो अत्यंत चिंताजनक है।


बीसीसीएल को सुरक्षा नियमों के पालन का निर्देश

बैठक में बीसीसीएल को निर्देश दिया गया कि खनन के दौरान सुरक्षा और ब्लास्टिंग से संबंधित सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। डीजीएमएस को आदेश दिया गया कि पिछले तीन महीनों में किए गए निरीक्षणों की रिपोर्ट और नियम उल्लंघन पर की गई कार्रवाई का पूरा विवरण प्रस्तुत करें।


प्रशिक्षित कर्मियों से ही कराएं ब्लास्टिंग

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि केवल प्रशिक्षित कर्मियों से ही ब्लास्टिंग कराई जाए और ओवर बर्डन का डंपिंग केवल लीज होल्ड क्षेत्र में ही किया जाए। अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा ब्लास्टिंग करने की स्थिति में डीजीएमएस को तत्काल माइनिंग रोकने का नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।


इंदिरा चौक की भयावह स्थिति पर चिंता

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने खनन कार्य में सावधानी बरतने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने झरिया के इंदिरा चौक की भयावह स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए बीसीसीएल को शीघ्र ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।


अतिक्रमित आवासों और खतरनाक सड़कों पर कार्रवाई का आदेश

एसएसपी ने बीसीसीएल, एफसीआईएल, डीवीसी और पूर्व मध्य रेलवे को अपने अतिक्रमित आवासों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन आवासों में बाहरी अपराधी ठिकाना बना लेते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने जर्जर आवासों को ध्वस्त करने और खतरनाक सड़कों की पहचान कर सूचना देने का आदेश भी दिया।


सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन पर जोर

बैठक में सुरक्षा मानकों का कठोर पालन सुनिश्चित करने, जोखिम आकलन और वैकल्पिक प्रबंधन उपाय लागू करने, बीसीसीएल और खान सुरक्षा महानिदेशालय द्वारा नियमित समीक्षा और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने, तथा आउटसोर्सिंग एजेंसियों की जवाबदेही तय करने जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में शामिल अधिकारी

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, बीसीसीएल एवं ईसीएल के निदेशक (तकनीकी) नीलाद्री राय, सीआईएसएफ कमांडेंट आशुतोष चौधरी, तपन कुमार पोद्दार, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय कुमार झा, डीएमओ रितेश राज तिग्गा सहित अंचल अधिकारी, बीसीसीएल के एरिया मैनेजर, टाटा व सेल के प्रतिनिधि तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....