धनबाद – होली व नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त, विजय जुलूस पर अनुमति अनिवार्य

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद में होली पर्व और नगर पालिका चुनाव को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। शांति समिति की बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका चुनाव में विजय प्राप्त प्रत्याशियों को विजय जुलूस निकालने के लिए अनुमंडल कार्यालय से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही चुनाव समाप्ति के बाद शहर में लगे झंडे, बैनर और पोस्टर हटाने का भी आदेश दिया गया है।

फ्लैग मार्च निकाला जाएगा

उपायुक्त ने कहा कि नगर पालिका चुनाव की तरह ही होली पर्व भी शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिले में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा और शांति समिति की बैठक में सामने आई समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

होली के दिन पुलिस 24 घंटे मुस्तैद

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि पर्व के दौरान हुड़दंगियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से ऐसे तत्वों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। एसएसपी ने बताया कि होलीका दहन और होली के दिन पुलिस 24 घंटे मुस्तैद रहेगी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।

बैठक में जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि धनबाद ने हमेशा पर्व-त्योहारों को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की मिसाल कायम की है और इस बार भी यह परंपरा कायम रहेगी।

माइनिंग क्षेत्रों में हाइवा जैसे भारी वाहनों के परिचालन पर रोक

शांति समिति के सदस्यों ने कई अहम सुझाव रखे, जिनमें अगजा के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, डस्ट से बचाव के लिए सड़क पर जल छिड़काव, जबरन रंग न डालने पर रोक, मोहल्लों की सफाई, पर्याप्त जलापूर्ति, 4 मार्च को कोल माइनिंग क्षेत्रों में हाइवा जैसे भारी वाहनों के परिचालन पर रोक, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, हुड़दंगियों पर पूर्व कार्रवाई और बाजार में बिकने वाले रंग-अबीर की गुणवत्ता जांच प्रमुख रूप से शामिल रहे।

सुझावों के समाधान का आश्वासन

उपायुक्त ने शांति समिति की बैठक में प्राप्त सभी सुझावों के समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....