धनबाद। अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडलीय निगरानी समिति की बैठक उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में हाथ से मैला ढोने की प्रथा पर गहन चर्चा हुई और इससे संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए।
राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकार की अधिसूचना के अनुसार हाथ से मैला ढोने की प्रथा अब पूरी तरह समाप्त मानी गई है। इसके लिए समाज में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाना आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता पाया जाता है तो उसके पुनर्वास और आजीविका के लिए बैंक के माध्यम से ऋण दिलाया जाएगा। वहीं यदि कोई व्यक्ति जबरन किसी से मैला ढोने का कार्य करवाता है, तो उसके विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद नगर निगम और पूर्व मध्य रेलवे के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि उनके यहां मैला ढोने का कार्य पूरी तरह मैकेनिकल तरीके से होता है और कहीं भी हाथ से मैला ढोने की प्रथा नहीं अपनाई जाती।
बैठक में कार्यपालक दंडाधिकारी रवींद्र नाथ ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय 2 धीरेन्द्र नारायण बंका, सहायक नगर आयुक्त मोटाय बांद्रा, पूर्व मध्य रेलवे के सहायक कार्मिक पदाधिकारी अजय प्रभाकर, अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार, सामाजिक संस्था ज्ञान विज्ञान समिति के भोलानाथ राम, आशा किरण की मालती तांती, मुखिया विजेन्द्र पासवान, विनोद रजवार और जिला कल्याण पदाधिकारी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।