Bihar: उपेन्द्र कुशवाहा के बाद राबड़ी देवी की नीतीश को सलाह, बोलीं- नहीं संभल रहा बिहार, निशांत को बना दें सीएम 

Neelam
By Neelam
2 Min Read

विधानमंडल के मानसून सत्र का आगाज आज से हो गया है। सत्र के पहले दिन आज अनुपूरक बजट पेश हुआ। वहीं पहले दिन के कार्यवाही खत्म होने के बाद विधान परिषद् की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने बड़ा बयान दिया। राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश को नसीहत दे दी कि वो अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना दें। बिहार में हो रही हत्याओं पर सवाल उठाते हुए राबड़ी देवी ने मौजूदा सरकार से लॉ एंड ऑर्डर नहीं संभलने की बात कही।

सरकार नीतीश से संभल नहीं रही-राबड़ी देवी

विधान परिषद की कार्यवाही खत्म होने के बाद सदन से निकलने के दौरान राबड़ी देवी ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि हत्या, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, और अब सरकार नीतीश से संभल नहीं रही।

निशांत को सीएम बनाने की सलाह 

राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में ज्यादा हत्याएं हो रही हैं। नीतीश कुमार ही गृह मंत्री भी हैं। उनसे संभल नहीं रहा है। राबड़ी देवी ने सुझाव दिया कि नीतीश कुमार अपने पुत्र को मुख्यमंत्री बना दें, क्योंकि वह युवा हैं और राज्य को बेहतर समझ सकते है।

वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर सवाल

इसके अलावा राबड़ी देवी ने वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर कहा कि वोटर लिस्ट से लोगों का नाम कट रहा है, यह गलत काम हो रहा है। बिहार के तीन करोड़ लोग बाहर कमाने गए हुए हैं, उनका नाम वोटर लिस्ट से कट जाएगा तो यह ठीक नहीं है। राबड़ी देवी ने कहा कि, भारत सरकार और चुनाव आयोग से हम मांग करेंगे कि वो इसको बंद करें नहीं तो जहां जहां लोग हैं वहां से उनको बुलाए।

Share This Article