जमशेदपुर : एक महिला की मौत के बाद एमजीएम हॉस्पिटल में गुरूवार को परिजनाें ने जमकर हंगामा किया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण महिला की मौत हुई है। अस्पताल परिसर में हो हंगामा होने की जानकारी पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर किसी तरह से शांत कराया। परिवार के लोगों ने लापरवाह डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के मुताबिक पटमदा की रहने वाली 44 वर्षीय मंगली सिंह को परिवार के लोगों ने बुधवार को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया था। उसे ऑक्सीजन की जरूरत थी। ऑक्सीजन का सिलिंडर खत्म हाेने के बाद महिला को सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। जिसकी जानकारी अस्पताल के डॉक्टरों को दी गई। लेकिन महिला को ऑक्सीजन उपल्ब्ध नहीं कराया गया। ऑक्सीजन नहीं मिलने से आज सुबह महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता विमल बैठा भी पहुंचे थे। वहीं परिजनों ने घंटों हंगामा किया। लोगों ने साफ कहा कि अगर इलाज ठीक से होता तो महिला की मौत नहीं होती। वहीं अस्पताल के उपाधीक्षक डाॅ नकुल चौधरी ने भी मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।