मिरर मीडिया : कोरोना से चीन के शहर शंघाई में रविवार को तीन लोगों को मौत की पुष्टि की गई। बताया जा रहा है कि 2019 में वुहान में कोरोना संक्रमण फैलने के बाद शंघाई चीन का अब तक का सबसे संक्रमित शहर बन गया है। शंघाई की म्यूनिसपल गवर्नमेंट के मुताबिक, जिन लोगों की मौत हुई, उनमें दो महिलाएं और एक पुरुष है। महिलाओं की उम्र 89 और 91 साल जबकि पुरुष की उम्र 91 साल थी। हालांकि इन लोगों को पहले से कई तरह की बीमारियां थीं, जिनमें हृदय रोग, डायबीटीज और हाई ब्लड प्रेशर शामिल हैं। इन लोगों ने कोरोना की वैक्सीन भी नहीं लगवा रखी थी। बताया गया कि इन्हें अस्पताल में भर्ती कराने के बावजूद हालत गंभीर होती चली गई। बचाने के सभी प्रयास नाकाम हो गए।
शंघाई के म्यूनिसिपल हेल्थ कमीशन ने रविवार को पिछले 24 घंटे के दौरान यहां कोरोना के 3238 कन्फर्म केस मिलने की जानकारी दी। जबकि एक रिपोर्ट के मुताबिक, बिना लक्षणों वाले 21,582 केस पाए गए।
गौरतलब है कि शंघाई में कोरोना केसों में बढ़ोतरी को देखते हुए सख्त लॉकडाउन लगा दिया गया है। लोगों के घरों से बाहर निकलने पर सख्त पाबंदी लगा दी गई। मामूली लक्षण दिखने पर भी क्वारंटीन करने के निर्देश हैं। फिर भी केस थम नहीं रहे हैं। हालत ये है कि क्वारंटीन सेंटरों में जगह कम पड़ गई है। प्रशासन के इंतजाम के बावजूद कई जगह लोगों के सामने खाने-पीने और दवाइयों की सप्लाई का संकट पैदा हो गया है।