हजारीबाग में शोभायात्रा के दौरान हिंसक झड़प के बाद हालात नियंत्रण में : भारी पुलिस बल तैनात

KK Sagar
2 Min Read

हजारीबाग (झारखंड): जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के झुरझुरी गांव में रविवार को एक धार्मिक शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, श्रीश्री 108 श्री शतचंडी महाराज सह हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के तहत नगर भ्रमण निकाला जा रहा था, तभी झुरझुरी मस्जिद के पास शोभायात्रा पर पथराव किया गया।

इस हमले के बाद हालात बिगड़ गए और उग्र भीड़ ने दो घरों में रखे पुआल और अन्य सामान को आग के हवाले कर दिया। कई जगहों पर आगजनी की घटनाएं सामने आईं। पथराव में कई महिलाओं समेत कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के विरोध में लोगों ने जीटी रोड (एनएच-2) को जाम कर दिया, जिससे दिल्ली-कोलकाता मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।

पुलिस बल तैनात, हालात नियंत्रण में

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि यज्ञ के तहत निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान दो गुटों में झड़प हुई और पथराव के बाद कुछ लोगों ने आगजनी की। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

बरही के एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे झड़प हुई, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्थिति संभाली। पुलिस सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।

कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और एफआईआर दर्ज की जा रही है।

फिलहाल जीटी रोड पर धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो रहा है और पुलिस कैंप कर स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।

:

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....