सोमवार की शाम रांची से दिल्ली जा रही एक चार्टर एयर एंबुलेंस झारखंड के चतरा जिले में भीषण हादसे का शिकार हो गई। यह विमान चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत कसरिया पंचायत क्षेत्र में क्रैश हो गया। विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई है। हादसे की खबर मिलते ही पूरे झारखंड समेत रांची और दिल्ली तक हड़कंप मच गया।
टेकऑफ के कुछ ही देर बाद टूटा एटीसी से संपर्क
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर एंबुलेंस ने भारतीय समयानुसार शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी और इसका गंतव्य दिल्ली था। उड़ान के कुछ समय बाद विमान का संपर्क कोलकाता एटीसी से बना, लेकिन शाम करीब 7:34 बजे अचानक विमान का रडार और संचार संपर्क टूट गया। इसके बाद खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया।
बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था मरीज
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह एयर एंबुलेंस रांची निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। संजय कुमार हाल ही में आग लगने की घटना में गंभीर रूप से झुलस गए थे और रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। विमान में मरीज, उसके अटेंडेंट, दो पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
रेडबर्ड एयरवेज का था विमान
दुर्घटनाग्रस्त विमान रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बताया जा रहा है, जो रांची–दिल्ली रूट पर चिकित्सा निकासी (एयर एंबुलेंस) उड़ान का संचालन कर रहा था। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और तकनीकी खराबी या मौसम को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
AAIB की टीम करेगी हादसे की जांच
विमान दुर्घटना की जांच के लिए AAIB की टीम को घटनास्थल पर भेजा जा रहा है। जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्य सरकार पूरी गंभीरता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

