संवाददाता, मिरर मीडिया: अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 104 भारतीय प्रवासियों को लेकर एक विशेष विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। इस विमान में 13 बच्चे, 79 पुरुष और 25 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 33 लोग गुजरात के रहने वाले हैं, जिन्हें एयरपोर्ट से सीधे गुजरात भेजा जाएगा। अमृतसर एयरपोर्ट पर पंजाब पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
अमेरिकी सेना का विमान लेकर पहुंचा भारतीय प्रवासियों का पहला बैच
अमेरिका से आए इन अवैध प्रवासियों को अमेरिकी सेना के सी-17 हरक्यूलिस विमान से भारत लाया गया। विमान मंगलवार को सैन एंटोनियो से रवाना हुआ था और बुधवार दोपहर 1:55 बजे अमृतसर पहुंचा। विमान में अमेरिकी अधिकारी और क्रू मेंबर भी मौजूद थे, जो भारतीय प्रवासियों को छोड़कर वापस लौट जाएंगे।
पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि इस विमान में 205 लोग होंगे, लेकिन वास्तविक संख्या 104 निकली। इनमें 30 लोग पंजाब के, 33-33 लोग गुजरात और हरियाणा के, जबकि यूपी और महाराष्ट्र से तीन-तीन तथा चंडीगढ़ से दो लोग शामिल हैं।
अवैध प्रवासियों पर अमेरिका की सख्ती जारी
अमेरिका न केवल भारतीयों बल्कि ब्राजील, मेक्सिको सहित कई अन्य देशों के अवैध प्रवासियों को भी वापस भेज रहा है। जिन प्रवासियों की नागरिकता सत्यापित नहीं हो पा रही है, उन्हें ग्वांतानामो बे समेत विभिन्न जेलों में रखा जा रहा है।
अमेरिका की नई नीति के तहत और भी अवैध भारतीय प्रवासियों को जल्द ही वापस भेजा जा सकता है। माना जा रहा है कि अमेरिका ने लगभग 5000 भारतीय प्रवासियों की पहचान की है, जिन्हें जल्द ही उनके मूल देश भेजा जाएगा।