झारखंड की राजधानी रांची में 28 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के कारण सभी निजी और सरकारी विद्यालयों के साथ-साथ अल्पसंख्यक विद्यालय बंद रहेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) रांची ने मोरहाबादी मैदान में होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में आगंतुकों के आने और संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए यह निर्देश जारी किया है।
विद्यालय बंद रखने का कारण
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, समारोह के दौरान शहर में एक लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है। इस स्थिति में स्कूल बसों और छात्रों का जाम में फंसना तय माना जा रहा है, जिससे छात्रों को असुविधा हो सकती है। कई अभिभावकों के अनुरोध के बाद छात्रों के हित में यह फैसला लिया गया है।
शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर
मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां बुधवार देर शाम तक जारी रहीं। कार्यवाहक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच निर्माण, साज-सज्जा, विद्युत, ध्वनि, सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों की बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह स्थल तक आने-जाने और वाहनों की पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जाए। साथ ही पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समारोह का समय और प्रमुख जानकारी
समय: 28 नवंबर, शाम 4 बजे
स्थान: मोरहाबादी मैदान, रांची
आगंतुक: दोपहर 1 बजे से ही समारोह स्थल पर आगंतुकों का पहुंचना शुरू होगा।