मिरर मीडिया : झारखंड के प्रमुख शहर में जाम की समस्या एक आम बात है। आबादी के अनुसार यहाँ वाहनों की संख्या ज्यादा होना भी लाज़मी है। ऐसे में सड़के अधिक व्यस्त भी रहती है पर इन सब के साथ सड़क पर चलने के नियम और कायदे जानना भी जरुरी है। जिसके लिए ट्रैफिक नियम और उसकी सही जानकारी सभी को मालूम होना अति आवश्यक है।
इसी दिशा में बच्चों को ट्रैफिक नियम की जानकारी देने के लिए पुणे, चंडीगढ़ व नागपुर की तर्ज पर रांची में भी चिल्ड्रेन ट्रैफिक पार्क बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहें हैं। जिसकी प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में रांची के साथ कोलनगरी धनबाद एवं स्टील नगरी जमशेदपुर जिले में भी बच्चों के लिए ऐसे ही चिल्ड्रेन पार्क बनाने को लेकर समाजसेवी कुमार मधुरेंद्र ने भारत सरकार के केंद्रीय मंत्रियों के साथ झारखंड राज्य सरकार के सम्बंधित मंत्रियों को पत्र के माध्यम से मांग की है।
इस बाबत उन्होंने लिखा है कि कोलनगरी धनबाद एवं स्टील नगरी जमशेदपुर जिले में ट्रैफिक नियम प्रावधान का पालन जागरूकता अभियान चलाने के बाद भी कम नहीं हो पा रहा है। इसलिए जिस तरह एच ई सी रांची में करोड़ों रुपए खर्च कर जानकारी देने हेतु पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। ठीक उसी प्रकार धनबाद एवं जमशेदपुर जिले में भी जमीन सुनिश्चित करा कर पार्क बनवाने का आदेश निर्गत किया जाए ताकि पार्क का निर्माण कार्य कराकर बच्चे को सुरक्षित करें और रोड सेफ्टी में सहयोग करने का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
गौरतलब है कि रांची के एचईसी में 15 करोड़ की लागत से 3.5 एकड़ में ट्रैफिक पार्क का निर्माण किया जा रहा है। यह पार्क बच्चों के लिए ट्रैफिक पार्क एक पाठ की तरह होगा, जिसमें कई नई चीजों को सीखने का मौका मिलेगा। इसको लेकर भवन निर्माण विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। पार्क में ट्रैफिक सिग्नल से जुड़ी अंडर पास,जेब्रा क्रासिंग सहित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध होंगी।