एसपी कपिल चौधरी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, 88 मोबाइल पाकर लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
पलामू पुलिस ने एक बार फिर आम लोगों का भरोसा जीतते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, ब्लॉक-बी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गुम और चोरी हुए कुल 88 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।


यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के नेतृत्व में की गई। विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर CEIR Portal की मदद से मोबाइल फोन बरामद किए। बताया गया कि पीड़ितों द्वारा दर्ज शिकायतों और पोर्टल पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर तकनीकी अनुसंधान एवं लगातार प्रयासों से इन मोबाइलों का पता लगाया गया।
कार्यक्रम के दौरान मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने पलामू पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल पाएगा। कई लोगों ने इसे पुलिस की तत्परता और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन उदाहरण बताया।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने और मोबाइल बरामद करने में काफी मदद मिलती है।

