साहिबगंज: देश-विदेश में जारी युद्ध की खबरों का असर अब झारखंड के साहिबगंज जिले में भी देखने को मिलने लगा है। पेट्रोल की संभावित कमी की आशंका से जिले के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग बड़ी मात्रा में पेट्रोल लेने के लिए सुबह से ही पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कई जगह लंबी कतारें लग गईं।
पेट्रोल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध के कारण विदेशों से पेट्रोल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसी डर से लोग पहले से ही पेट्रोल भरवाकर रखने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि आने वाले दिनों में किसी तरह की परेशानी न हो।
वाहनों के साथ लाइन में खड़े दिखे लोग
आज सुबह से ही साहिबगंज के कई पेट्रोल पंपों पर स्थिति ऐसी दिखी मानो किसी धार्मिक स्थल पर भारी भीड़ जुटी हो। बाइक, स्कूटी और चार पहिया वाहनों के साथ लोग घंटों लाइन में खड़े नजर आए।
लोगों का आरोप कई पेट्रोल पंप पर बिक्री बंद
कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जिले के कई पेट्रोल पंप संचालकों ने अचानक पेट्रोल की बिक्री बंद कर दी थी, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों का कहना है कि यदि पंपों में पेट्रोल उपलब्ध होने के बावजूद बिक्री रोक दी जाती है तो इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कैमरा देखते ही फिर से पेट्रोल की बिक्री शुरू
इसी बीच जब मिरर मीडिया की टीम ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर पूरे मामले की पड़ताल करने लगी, तो कैमरा देखते ही कुछ पेट्रोल पंपों पर फिर से पेट्रोल की बिक्री शुरू कर दी गई।
फिलहाल साहिबगंज में पेट्रोल पंपों पर भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस स्थिति को लेकर क्या कदम उठाता है और आम लोगों को कैसे राहत मिलती है।

