मिरर मीडिया संवाददाता, धनबाद: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण से एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है, तो बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों की पेंशन राशि बढ़ाकर 2500 रुपये कर दी जाएगी।
कमल का बटन दबाकर शत्रुघ्न महतो को जिताने की अपील
अमित शाह ने झारखंड के लोगों से अपील की कि 20 नवंबर को कमल के निशान पर बटन दबाकर भाजपा उम्मीदवार शत्रुघ्न महतो को विजयी बनाएं। उन्होंने मंगलवार को बाघमारा में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनते ही दिव्यांगों, महिलाओं और बुजुर्गों को पेंशन में वृद्धि का लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में झारखंड बना गरीब कल्याण की भूमि
अमित शाह ने सभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड को गरीब कल्याण का माध्यम बनाया है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और पीएम जन धन जैसी योजनाओं की शुरुआत झारखंड से की गई थी, जो समाज के वंचित वर्ग के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हुईं।
झारखंड के विकास के लिए मोदी सरकार ने किए बड़े कार्य
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड के विकास के लिए लाखों करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। पिछले 10 वर्षों में, पीएम मोदी ने गरीबों के घर तक शौचालय, गैस सिलेंडर, बिजली और पीने का पानी पहुंचाने जैसे कई काम किए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हर गरीब को मकान और मुफ्त राशन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
हेमंत सोरेन पर शिवराज सिंह ने साधा निशाना कहा – झारखण्ड सरकार 10 हजार करोड़ का फंड कर गई हजम

झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में प्रचार के दौरान सिंदरी के नेहरू मैदान में आयोजित सभा में केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के शासन में बालू, कोयला और खनिज संपदाओं की लूट हो रही है, और सरकार ने जनता से किए गए रोजगार के वादों को पूरा नहीं किया है।
शिवराज सिंह ने लगाए गंभीर आरोप
शिवराज सिंह ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने झारखंड के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का पानी फंड आवंटित किया था, जो जेएमएम और कांग्रेस ने मिलकर हजम कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आंदोलनकारियों पर गोली चलवाई और अब हेमंत सोरेन प्रलोभनों से वोट हासिल करना चाहते हैं, लेकिन जनता उनके बहकावे में नहीं फंसेगी।
महिलाओं के खाते में आएंगे 2100 रुपये
शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सिंदरी खाद कारखाना खुला है और यहां से खाद पूरे देश में सप्लाई हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार बनने पर ‘गोगो दीदी योजना’ के तहत प्रत्येक बहन के खाते में प्रति माह 2100 रुपये जमा किए जाएंगे, सस्ते गैस सिलेंडर दिए जाएंगे, और सभी को पक्का मकान प्रदान किया जाएगा।
घुसपैठियों पर होगी सख्त कार्रवाई
शिवराज सिंह ने झारखंड में घुसपैठ की समस्या पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनते ही सभी घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने सिंदरी क्षेत्र के विकास के लिए अधूरे हीरक रोड को पूरा करने और यहां के नागरिकों को सस्ती दरों पर दुकानें आवंटित करने का भी आश्वासन दिया।
तारा देवी का संकल्प – सिंदरी में 200 बेड का खोला जाएगा अस्पताल
सभा में भाजपा प्रत्याशी तारा देवी ने कहा कि सिंदरी में बंद पड़े 200 बेड वाले अस्पताल को पुनः खोला जाएगा और टासरा प्रोजेक्ट से रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर झारखंड में तेजी से विकास होगा और सिंदरी क्षेत्र की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।