बराकर। करीम डंगाल वार्ड 68 में होली के दौरान हुई हिंसक झड़प और उपद्रव की घटना के खिलाफ गुरुवार को गायत्री मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों ने एक बैठक की। बैठक में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं ने हिस्सा लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
24 घंटे बीत जाने के बावजूद गिरफ़्तारी नहीं
लोगों का कहना है कि घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उपस्थित लोगों ने कहा कि मामूली विवाद के बाद बम और गोली चलने जैसी घटना बेहद गंभीर है और इससे इलाके की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई है।
प्रशासन से जांच की मांग
बैठक में आरोप लगाया गया कि उपद्रवियों ने कई घरों की छतों को नुकसान पहुंचाया तथा टोटो रिक्शा के शीशे तोड़ दिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि यह जांच की जाए कि आरोपियों के पास बम, गोली और पत्थर जैसी सामग्री कहां से आई।
कार्रवाई नहीं तो आंदोलन को बाध्य
ग्रामीणों ने बताया कि मस्जिद के पास हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उन्होंने फुटेज को सार्वजनिक करने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

