DA-DR में 2% बढ़ोतरी का ऐलान: 1.19 करोड़ कर्मचारियों-पेंशनर्स को राहत, 3 महीने का एरियर भी मिलेगा

KK Sagar
2 Min Read

लंबे इंतजार के बाद केंद्र सरकार ने देश के करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। शनिवार, 18 अप्रैल को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई। इस फैसले के बाद अब DA 58% से बढ़कर 60% हो गया है।

इस निर्णय का फायदा देश के करीब 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। खास बात यह है कि बढ़ा हुआ DA 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा, यानी कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी, फरवरी और मार्च के तीन महीने का एरियर भी मिलेगा। अप्रैल की सैलरी के साथ यह बकाया राशि उनके खाते में आने की उम्मीद है।

पिछले कुछ महीनों से DA बढ़ोतरी में देरी को लेकर कर्मचारियों और पेंशनर्स में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। कई कर्मचारी संगठनों ने सरकार को पत्र लिखकर जल्द फैसला लेने की मांग की थी, वहीं कुछ विभागों में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला था। अब इस फैसले के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

मौजूदा समय में केंद्रीय कर्मचारियों को मूल वेतन का 58% DA के रूप में मिल रहा था, जो अब बढ़कर 60% हो जाएगा। इसी तरह पेंशनर्स को उनकी मूल पेंशन का 60% DR मिलेगा। इससे उनकी मासिक आय में सीधा इजाफा होगा।

दरअसल, महंगाई भत्ता और महंगाई राहत का सीधा संबंध महंगाई दर से होता है। सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में इसे संशोधित करती है। इसका निर्धारण AICPI-IW के आधार पर किया जाता है, जिसे श्रम मंत्रालय का श्रम ब्यूरो हर महीने जारी करता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, AICPI-IW के आंकड़ों के आधार पर जनवरी 2026 से 2% बढ़ोतरी पहले से तय मानी जा रही थी, हालांकि कुछ कर्मचारियों को 3% वृद्धि की उम्मीद थी। फिलहाल 2% की बढ़ोतरी से ही करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत मिली है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....