बिहार विधान परिषद् की एक सीट पर उपचुनाव का शिड्यूल जारी कर दिया गया है। भारतीय निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा कर दी है। यह सीट पूर्व विधान परिषद सदस्य राधाचरण सेठ के इस्तीफे के बाद 16 नवंबर 2025 को खाली हुई थी।
12 मई को वोटिंग
चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी होगी, जबकि नामांकन की अंतिम तिथि 23 अप्रैल तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 24 अप्रैल को होगी और 27 अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इस सीट के लिए मतदान 12 मई को कराया जाएगा, जबकि मतगणना 14 मई को होगी।
जदयू इस सीट पर उतारेगी अपना उम्मीदवार
राधाचरण सेठ के इस्तीफे के बाद खाली हुई भोजपुर-सह-बक्सर विधान परिषद स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र की सीट का कार्यकाल 7 अप्रैल 2028 तक है। मतलब, जो भी चुने जाएंगे- करीब 26 महीने के लिए होंगे।
उपचुनाव क्यों हो रहा है?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राधा चरण साह ने भोजपुर जिले की संदेश सीट पर जदयू के टिकट पर एक कड़े मुकाबले में जीत हासिल की थी। उन्होंने आरजेडी के दीपू सिंह को 26 वोटों के अंतर से हराया था। राधा चरण साह के विधायक चुने जाने के बाद 16 नवंबर 2025 को विधान परिषद में उनकी सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया।
आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू
इस चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र यानी भोजपुर और बक्सर जिले में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसका मतलब यह है कि सरकार अब इन क्षेत्रों में किसी भी नई योजना या लोकलुभावन उपायों की घोषणा नहीं कर सकती।

