अनुभव सिन्हा को भाया जमशेदपुर का अंदाज़: बोले- ‘झारखंड की वीर गाथाओं को पर्दे पर उतारने की है इच्छा’

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा हाल ही में स्टील सिटी जमशेदपुर के दौरे पर रहे। शहर की व्यवस्था और स्वच्छता से प्रभावित सिन्हा ने न केवल यहां की खूबसूरती की तारीफ की, बल्कि झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत और इतिहास के प्रति अपनी गहरी रुचि भी जाहिर की।

झारखंड के नायकों से हुए प्रभावित
​मीडिया से बातचीत के दौरान अनुभव सिन्हा ने कहा कि उन्हें झारखंड के वीर नायकों-सिद्धों-कान्हू और भगवान बिरसा मुंडा—के संघर्षों ने काफी प्रेरित किया है। उन्होंने इच्छा जताई कि वे इन महानायकों के इतिहास को और गहराई से पढ़ना चाहते हैं, ताकि उनकी गौरवगाथा को सिनेमा के जरिए दुनिया के सामने लाया जा सके।

धुसका और हड़िया का लिया स्वाद
​अपनी इस यात्रा के दौरान निर्देशक ने झारखंडी जायके का भी जमकर लुत्फ उठाया। झारखंड के पारंपरिक व्यंजन धुसका के स्वाद की उन्होंने खूब सराहना की। हड़िया को उन्होंने एक अनूठा सांस्कृतिक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर वैसा ही व्यवस्थित शहर है जैसा मैंने सुना था। भविष्य में मुझे यहां की खूबसूरत लोकेशन्स पर फिल्म शूट करना अच्छा लगेगा।

आगामी फिल्म ‘अस्सी’ पर बोले सिन्हा
​उनकी अगली फिल्म ‘अस्सी’, जो एक कोर्टरूम ड्रामा है, 20 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा यह फिल्म दर्शकों को खुद ‘जज’ की भूमिका में महसूस कराएगी। सिन्हा का मानना है कि छोटे शहरों में भी गंभीर विषयों वाली फिल्में पसंद की जाती हैं, बशर्ते उन्हें ईमानदारी से पेश किया जाए।

Share This Article