डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर में मंगलवार को एक चलती बाइक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना मानगो पुल पर हुई, जहां एक 5 साल पुरानी अपाचे बाइक देखते ही देखते जलकर राख हो गई।
विवेक कुमार, जो मानगो मून सिटी के निवासी हैं, साकची की ओर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बाइक में आग लग गई। विवेक ने पास के एक नल से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बाइक मिनटों में जल गई।
इस घटना के कारण पुल पर भारी अफरा-तफरी मच गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत यह रही कि इस घटना में विवेक को कोई चोट नहीं आई। पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

