एसआइआर शुरू होते ही सीमा पर सख्ती, नदिया जिले से 10 बांग्लादेशी घुसपैठिये गिरफ्तार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों की धर-पकड़ तेज हो गई है। इसी क्रम में राज्य पुलिस ने नदिया जिले के हांसखाली इलाके से 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। ये सभी नागरिक अवैध तरीके से अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार करके भारत में घुसे थे और काफी समय से यहां अवैध तरीके से निवास कर रहे थे।

राज्य में एसआइआर के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने का काम चल रहा है। इस प्रक्रिया में गणना प्रपत्रों के वितरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के अनुसार, सोमवार तक कुल 7,63,00,163 लोगों को गणना प्रपत्र बांटे जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 99.56 प्रतिशत है।

इसके अलावा एसआइआर के तहत राज्य की 60 जेलों में बंद 25,774 कैदियों के लिए भी गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है। कैदियों के वर्ग को मतदाता सूची से नाम कटने का डर सता रहा था। जेल प्रशासन ने सूचित किया है कि यदि कैदियों के परिजन उनके गणना प्रपत्र लेकर जेल में आते हैं, तो उन्हें इसे भरने की अनुमति दी जाएगी।

इस बीच सीईओ कार्यालय ने एसआइआर से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए एक हेल्पलाइन भी शुरू की है। नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 या 033-22310850 पर सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा 9830078250 पर वाट्सएप भी कर सकते हैं।

Share This Article