हथौड़े और पत्थरों से हमला, पश्चिमी सिंहभूम में महिला की निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां उत्सव के माहौल के बीच एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना जेटेया थाना क्षेत्र के बड़ा पासेया गांव के चिरु पासेया टोला की है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय दुरिया गगराई के रूप में हुई है।

अंधेरे में घात लगाकर बैठा था कातिल
​जानकारी के अनुसार, जिस वक्त पूरा गांव ‘बाहा पर्व’ के जश्न में डूबा हुआ था, उसी समय इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। हमलावर पहले से ही एक आम के पेड़ के पीछे अंधेरे में छिपा बैठा था। जैसे ही दुरिया गगराई अपने घर से थोड़ी दूरी पर पहुंची, हमलावर ने उन पर हमला बोल दिया।

हैवानियत की हदें पार: हथौड़े और पत्थरों से किया वार
​अपराधी ने दुरिया के सिर पर पहले हथौड़े से वार किया। इतने से भी जब मन नहीं भरा, तो उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला किया गया। सिर और पसलियों पर लगी गंभीर चोटों के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटने की भी कोशिश की।

7 साल की मासूम बनी चश्मदीद
​इस पूरी वारदात के दौरान मृतका के साथ उसके छोटे भाई की सात वर्षीय बेटी भी मौजूद थी। मासूम बच्ची ने अपनी आंखों के सामने मौत का यह तांडव देखा। वह किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। जब तक परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, महिला की मौत हो चुकी थी।

जल्दबाजी में सुराग छोड़ गया हत्यारा
​शव को घसीटते समय शायद किसी की आहट पाकर हत्यारा घबरा गया और वह मौके से फरार हो गया। जल्दबाजी में आरोपी अपने कपड़े (शर्ट, पैंट) और चप्पल घटनास्थल पर ही छोड़ गया है। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है, जो जांच में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।

पुलिस की कार्रवाई
​घटना की सूचना मिलते ही जेटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article