धनबाद – निरसा स्थित बैजना कोलियरी पंचायत सचिवालय में आयोजित महर्षि दयानंद गुरुकुल के सामाजिक कार्यक्रम में मंगलवार को क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के पौत्र अमित आजाद पहुंचे। उनके आगमन पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
🔹 क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान आज भी कायम
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अमित आजाद ने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों के प्रति जनता के दिलों में आज भी गहरा सम्मान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक दल के चाहने या न चाहने से इतिहास नहीं बदला जा सकता, क्योंकि जनता भली-भांति जानती है कि आजादी की लड़ाई में क्रांतिकारियों का कितना बड़ा योगदान रहा है।
🔹 नेहरू पर लगाए गंभीर आरोप
इस दौरान उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्रांतिकारियों को आजादी का श्रेय न मिले, इसके लिए उन्होंने महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की मुखबिरी कर उनकी हत्या करवाने का काम किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि इसी तरह की हरकतें सुभाष चंद्र बोस के साथ भी की गई थीं।
🔹 क्रांतिकारियों की पहचान नहीं मिटाई जा सकती
अमित आजाद ने कहा कि नेहरू नहीं चाहते थे कि राजनीतिक रूप से क्रांतिकारियों को आजादी का श्रेय मिले। सत्ता में आने के बाद उन्होंने क्रांतिकारियों के योगदान को भुलाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन देश की जनता के दिलों में बसे इन वीरों की पहचान को मिटाया नहीं जा सका।

