डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत दर्ज की है। लगभग 27 साल बाद भाजपा को दिल्ली की सत्ता में वापसी मिल रही है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारी शिकस्त मिली है, यहां तक कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी सीट भी नहीं बचा सके।
भाजपा 48 पर आगे, आप 22 पर सिमटी
चुनावी नतीजों के मुताबिक, भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अब तक भाजपा 8 सीटें और AAP 9 सीटें जीत चुकी है। यह परिणाम दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आया है।
दिल्ली सचिवालय में सुरक्षा बढ़ी, सरकार ने जारी किया नोटिस
दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने चुनाव परिणामों के बीच एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इस आदेश में सुरक्षा चिंताओं और सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा का हवाला देते हुए निर्देश दिया गया है कि किसी भी सरकारी फाइल, दस्तावेज या कंप्यूटर हार्डवेयर को बिना अनुमति के सचिवालय परिसर से बाहर नहीं ले जाया जा सकता।
प्रशासन ने इस आदेश के तहत दिल्ली सचिवालय को सील कर दिया है ताकि कोई भी संवेदनशील दस्तावेज चोरी न हो सके।
AAP को तगड़ा झटका, कई दिग्गज नेता हारे
चुनाव में आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के कई बड़े नेता अपनी सीट बचाने में नाकाम रहे। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज चुनाव हार गए हैं। इस हार के बाद AAP के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
दिल्ली में भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है, जबकि आम आदमी पार्टी के लिए यह एक बड़ा राजनीतिक झटका साबित हुआ है।