मिरर मीडिया संवाददाता, हजारीबाग: चतरा जिले के प्रसिद्ध भूमि व्यवसायी बंधु यादव पर रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल यादव को पहले चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें हजारीबाग स्थित आरोग्यम अस्पताल रेफर किया गया।
डॉ. बी.एन. प्रसाद और टीम ने रात्रि में ही किया सर्जरी
रात करीब 2 बजे आरोग्यम पहुंचते ही डॉक्टर बी.एन. प्रसाद के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने बिना समय गंवाए आपातकालीन सर्जरी शुरू की। करीब दो घंटे चले इस जटिल ऑपरेशन में डॉक्टरों ने बंधु यादव के शरीर से दोनों गोलियां सफलतापूर्वक निकाल दीं। ऑपरेशन के बाद बंधु यादव की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
हर्ष अजमेरा बोले– “जब ज़िंदगी दांव पर हो, तब समय नहीं देखा जाता”
डॉ. बी.एन. प्रसाद ने कहा, “अगर कुछ देर और हो जाती, तो स्थिति और बिगड़ सकती थी। हमने समय रहते हस्तक्षेप कर जान बचा ली।” अस्पताल निदेशक हर्ष अजमेरा ने इस पूरे ऑपरेशन को आरोग्यम की सेवाभावना का प्रमाण बताया और कहा, “जब ज़िंदगी दांव पर हो, तब घड़ी नहीं देखी जाती। हमारी टीम ने जो समर्पण दिखाया वह काबिले तारीफ है।”
यह घटना जहां एक ओर चिकित्सा क्षेत्र में मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण बन गई है, वहीं दूसरी ओर चतरा और हजारीबाग के लोगों में अपराधियों को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

