मिरर मीडिया : धनबाद के लोगों ने इस बार दीपावली ने जमकर पटाखे फोड़े। झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी जेएसपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार दिवाली की रात नौ से 10 बजे के बीच सबसे ज्यादा पटाखे बैंक मोड़ में फूटे। दूसरे नंबर पर हीरापुर और तीसरे पायदान पर बरटांड़ का इलाका रहा।
आपको बता दें कि बोर्ड के धनबाद क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से बैंक मोड़, हीरापुर और बरटांड़ की शाम छह से रात 12 बजे तक ध्वनि प्रदूषण की जांच की गई। जिसके अनुसार रात नौ से दस बजे के दौरान पूरे शहर में सबसे ज्यादा पटाखे फूटे। इस अवधि में मानक के अनुसार ध्वनि का स्तर 55 डेसिबल होना चाहिए जो लगभग दोगुना यानी 100 डेसिबल से ज्यादा तक पहुंच गया। बैंक मोड़ में रात नौ से 10 के बीच ध्वनि प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक 105.3 डेसिबल दर्ज किया गया। हीरापुर में 103.6 डेसिबल और बरटांड़ में 100.4 डेसिबल दर्ज किया गया। हीरापुर में रात 10 से 11 के दौरान 98.5 डेसिबल, बैंक मोड़ में 96.6 डेसिबल और बरटांड़ में 95.3 डेसिबल रहा।
गौरतलब है कि दीपावली और छठ में 2-2 घंटे मात्र पटाखे छोड़ने की अनुमति दी गई थी। दीपावली में जहाँ रात 8-10 बजे तक वहीं छठ में सुबह 6-8 बजे तक पटाखे जलाने की अनुमति दी गई थी। पर दीपावली में इसे नजरअंदाज करते हुए लोगों ने रात 10 से 11 बजे तक सबसे ज्यादा पटाखे हीरापुर में छोड़े गए। दूसरे पायदान पर बैंक मोड़ और तीसरे पर बरटांड़ रहा।