​सावधान! गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की तो खैर नहीं, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की सख्त चेतावनी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर वितरण से संबंधित एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस आपूर्ति व्यवस्था, वितरण प्रणाली और उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने सभी घरेलू एलपीजी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित व पारदर्शी तरीके से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजार में गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों और किसी भी तरह की कालाबाजारी को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी घरेलू एलपीजी आपूर्तिकर्ता एजेंसियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों व समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत निवारण प्रणाली को एक्टिव व प्रभावी करने के साथ-साथ हेल्पलाईन नंबर का प्रचार प्रसार व सार्वजनिक करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पारदर्शिता के साथ उपभोक्ताओं के साथ व्यवहार करने, चिन्ताओं व अशंकाओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने, निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने और वितरण में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक व विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी तरह की शिकायत होने पर प्रशासन को तत्काल सूचित करें।

आपूर्तिकर्ता एजेंसियों का उपभोक्ताओं की शिकायतों व समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत निवारण हेल्पलाईन नंबर इस तरह है।
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम/इंडियन आयल कार्पोरेशन लिमिटेड 1800-2333-555
भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड 1800-22-4344
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मोजाहिद अंसारी, एडीएम (एसओआर) राहुल जी आनंद सहित विभिन्न गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।

Share This Article