मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की महिलाओं के लिए फिर पिटारा खोल दिया। चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने महिलाओं को बड़ा गिफ्ट दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैबिनेट की शुक्रवार को बैठक हुई। नीतीश सरकार ने इस हफ्ते कैबिनेट की दूसरी बैठक बुलाई। इसमें महिला के लिए बड़ा ऐलान किया गया। ’मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की घोषणा की गई

एक्स अकाउंट पर साझा किया बड़ा निर्णय
सीएम नीतीश ने खुद इस फैसले का ऐलान किया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर महिला सशक्तिकरण को लेकर ये बड़ी घोषणा की। उन्होंने लिखा कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब महिलाएं अपनी मेहनत से न केवल राज्य के विकास में योगदान दे रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं।इसी मिशन को आगे बढ़ाते हुए हमलोगों ने महिलाओं के हित में अब एक महत्वपूर्ण एवं अभूतपूर्व निर्णय लिया है जिसके सकारात्मक दूरगामी परिणाम होंगे।
क्या है ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’
आज कैबिनेट की बैठक में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नई योजना ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की स्वीकृति दी है। इस योजना का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है।
- आर्थिक सहायता के रूप में सभी परिवारों की एक महिला को अपनी पसंद के रोजगार के लिए 10 हजार रुपए की राशि पहली किस्त के रूप में दी जाएगी।
- इच्छुक महिलाओं से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसकी पूरी व्यवस्था और प्रक्रिया का निर्धारण ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा किया जाएगा और इसके लिए नगर विकास एवं आवास विभाग का भी आवश्यकता के अनुसार सहयोग लिया जाएगा।
- सितम्बर, 2025 से ही महिलाओं के बैंक खाते में राशि का ट्रांसफर करना प्रारंभ कर दिया जाएगा।
- महिलाओं द्वारा रोजगार शुरू करने के 6 महीने के बाद आकलन करते हुए 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता आवश्यकता के अनुसार दी जा सकेगी।
- राज्य में गांवों से लेकर शहर तक महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए हाट बाजार विकसित किए जाएं।