17 अगस्त से बिहार में शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा का आज समापन हो रहा है। इस मौके पर पटना में ‘इंडिया’ गठबंधन के दिग्गज नेताओं का महाजुटान हुआ है। राहुल गांधी के साथ राष्ट्रीय स्तर के कई नेता आज पटना में जुटे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाकपा महासचिव डी राजा, टीएमसी नेता यूसुफ पठान सहित कई नेता इस मार्च में शामिल हुए हैं। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी और महागठबंधन के अन्य नेता भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मौजूद हैं। सभी बड़े नेता खुले वैन में सवार होकर गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से लेकर हाईकोर्ट स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचे। फिर डाकबंगला चौराहे पर वोट अधिकार यात्रा की सभा हुई।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ गांधी मूर्ति से पदयात्रा पर निकले। वह पटना हाईकोर्ट स्थित अम्बेडकर मूर्ति तक जा रहे थे लेकिन डाक बंगला चौराहे पर रोक लिया गया। प्रशासन ने कहा कि यही तक यात्रा की अनुमति थी। इसके बाद वही पर सभी नेता रुक गए। महागठबंधन कते नेताओं ने यहीं जनसभा की और सरकार पर जमकर हमला बोला।
ये बिहार को ठग रहे-तेजस्वी
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव डाकबंगला चौराहे पर हुई जनसभा में खूब गरजे। उन्होंने कहा कि यह बिहार की धरती है, लोकतंत्र की जननी है। यह कुछ, कुछ भी नहीं दो भाजपाई लोग चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र की धरती से लोकतंत्र को खत्म कर देना चाहते हैं। लोकतंत्र चाहिए या राजतंत्र चाहिए? यह लोग चाहते हैं कि बिहारी लोग को ठग लें। फैक्टरी लगाएंगे गुजरात में और वोट चाहिए बिहार में!
इलेक्शन कमीशन के साथ मिलकर कर रहे वोट चोरी- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने मंच से मोदी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार में एक इंजन अपराध में लगा और दूसरा इंजन भ्रष्टाचार में। बड़ी चालाकी से फर्जी वोट भी जोड़े जा रहे हैं। दो भाजपाई लोग इलेक्शन कमीशन के साथ मिलकर लोकतंत्र की जननी से लोकतंत्र को खत्म कर दें। यहां बिहार में गड़बड़ करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना है।
नीतीश को बताया भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह
तेजस्वी ने सीएम नीतीश पर भी जोरदार तंज कसा। उन्होंने कहा, सीएम नीतीश कुमार भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह बन गए हैं। मंत्रीजी के यहां सुबह शाम जाते हैं। उनके विभाग के इंजीनियर पकड़े जाते हैं तो रुपए जला दिए जाते हैं। करोड़ों-अरबों जला दिए जा रहे हैं। यह नकलची सरकार है।
तेजस्वी ने फिर सीएम उम्मीदवार पर दावेदारी ठोकी
वहीं, नेता प्रतिपक्ष ने भरी सभा में फिर से सीएम फेस पर दावेदारी ठोकी। तेजस्वी ने कहा, हम जो कहते हैं, वह यह करने लगती है। यह सरकार नकल तो कर सकती है, विजन नहीं ला सकती है। तेजस्वी आगे-आगे और यह सरकार पीछे-पीछे। डुप्लीकेट सीएम चाहिए कि ओरिजनल सीएम चाहिए। अभी तो डुप्लीकेट सीएम का राज चल रहा है।