डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सियासी पारा चढ़ गया है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। भाजपा ने इस लिस्ट में अनुभवी दिग्गजों के साथ-साथ ग्लैमर और खेल जगत की हस्तियों को शामिल कर एक संतुलित ‘चुनावी नैरेटिव’ सेट करने की कोशिश की है।
मोदी-शाह के हाथों में कमान, ये हैं टॉप चेहरे
पार्टी के चुनाव प्रचार की मुख्य कमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में होगी। सूची में शीर्ष नेतृत्व को प्राथमिकता दी गई है।
शीर्ष 4 नाम: पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह।
दिग्गज मंत्री: नितिन गडकरी, जेपी नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान को भी शुरुआती क्रम में रखा गया है।
ग्लैमर और खेल का तड़का: लिएंडर पेस और कंगना शामिल
भाजपा की इस सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस का है। हाल ही में टीएमसी छोड़ भाजपा में आए पेस को सूची में 9वें स्थान पर रखा गया है, जो कई दिग्गज नेताओं से भी ऊपर है।
फिल्मी सितारे: दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती (8वें नंबर पर), हेमा मालिनी और कंगना रनौत को स्टार प्रचारक बनाया गया है।
भोजपुरी टच: उत्तर-पूर्व दिल्ली के सांसद और गायक मनोज तिवारी भी बंगाल में पार्टी के लिए वोट मांगेंगे।
मुख्यमंत्रियों की फौज और फायरब्रांड नेता
प्रचार को धार देने के लिए भाजपा ने अपने प्रमुख राज्यों के मुख्यमंत्रियों को मैदान में उतारा है।
योगी आदित्यनाथ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और पार्टी के फायरब्रांड नेता।
हिमंत बिस्वा सरमा: असम के मुख्यमंत्री।
रेखा गुप्ता: दिल्ली की मुख्यमंत्री।
देवेंद्र फडणवीस: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री।
मोहन चरण माजी: ओडिशा के मुख्यमंत्री।
डॉ. माणिक साहा: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, अश्विनी वैष्णव और पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी भी बंगाल के रण में नजर आएंगी।
बंगाल के स्थानीय चेहरों पर भी भरोसा
स्थानीय समीकरणों को साधने के लिए प्रदेश के कद्दावर नेताओं को सूची में जगह मिली है।
प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य (32वें स्थान पर)।
नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी (33वें स्थान पर)।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और सुकांत मजूमदार।
मतुआ समुदाय के प्रभावशाली नेता शांतनु ठाकुर और दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट।

