रांची: झारखंड में रह रहे वैध और अवैध पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर भाजपा ने सख्त रुख अपनाया है। राजधानी रांची में भाजपा प्रदेश इकाई की ओर से “पाकिस्तानियों भारत छोड़ो” अभियान के तहत ज़ोरदार प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च कर पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल भारत छोड़ने की मांग की।
भाजपा ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस हमले में आतंकी धर्म पूछकर लोगों की हत्या कर रहे थे और ये आतंकी पाकिस्तान से आए थे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस हमले के बाद देश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उन्हें देश से निष्कासित किया जा रहा है।
मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड सरकार अब तक किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को वापस भेजने की दिशा में कोई कदम नहीं उठा सकी है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए सभी पाकिस्तानी नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें शीघ्र पाकिस्तान भेजने की मांग की।
भाजपा ने प्रशासन से शीघ्र, ठोस और कानूनी कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।