डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड की आदित्यपुर पुलिस ने सालडीह बस्ती में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन बदमाशों के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, जिंदा कारतूस और स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक का खुलासा
सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर संवैया के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए अपराधी और बरामदगी
पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों की पहचान चंदन गोराई उर्फ चंदन बच्चा ( आदित्यपुर मांझी टोला निवासी, सालडीह बस्ती निवासी राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला, कदमा रामजनम नगर प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी के रूप में हुई है। अपराधियों के पास से 01 देशी पिस्टल, 04 जिंदा गोलियां और 01 स्कूटी बरामद किया गया है।
पुरानी रंजिश और आपराधिक इतिहास
एसपी ने बताया कि इन अपराधियों ने 7 अप्रैल की सुबह सालडीह बस्ती निवासी स्वपन कुमार दास के घर पर फायरिंग की थी। इतना ही नहीं 3 अप्रैल को इसी बस्ती में हुए पथराव और हथियार लहराने की घटना में भी यही तीनों शामिल थे। इन तीनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और आदित्यपुर थाने में इनके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।
टीम में शामिल जांबाज अधिकारी
इस सफल अभियान में एसडीपीओ समीर कुमार सवैयां के साथ आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की, सुनील कुमार सिंह, विनोद टुडू, राज कुमार सिंह, सतीश कुमार वर्णवाल और सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।

