धनबाद : अवैध खनन पर सीआईएसएफ-बीसीसीएल का बड़ा एक्शन, कनकनी में कई अवैध मुहाने कराए बंद

KK Sagar
2 Min Read

बाघमारा: जिले में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एरिया-5 सिजुआ के कनकनी नमक फैक्ट्री के पास स्थित कई अवैध खनन मुहानों की भराई कर उन्हें पूरी तरह बंद करा दिया।

जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध कोयला कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर सीआईएसएफ और बीसीसीएल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन के लिए बनाए गए कई मुहानों को मिट्टी भरकर सील कर दिया, ताकि दोबारा वहां से अवैध खनन न हो सके।

अधिकारियों के अनुसार, अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। हाल के दिनों में सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन ने कोयला चोरी, अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।

बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कोयला चोरी और अवैध खनन के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश के बाद सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में निगरानी और कार्रवाई को और तेज किया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा और अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....