जमशेदपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, प्रिंस खान गैंग के 2 शूटर हथियार और स्कूटी के साथ दबोचे गए

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के दो सक्रिय शूटरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। ये शूटर भुइयांडीह निवासी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग की घटना में शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और राजेश गिरि उर्फ दांतु के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और एक सफेद स्कूटी बरामद की है, जिसे ये अपराधी मांगकर लाए थे।

ऐसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस को 2 नवंबर की रात करीब 1 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग करने वाले ये दोनों आरोपी सफेद स्कूटी से मानगो बस स्टैंड की ओर जा रहे हैं। सूचना में उनके पास अवैध हथियार होने की भी जानकारी दी गई थी।

इस सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने गश्ती दल और टाइगर मोबाइल के जवानों के सहयोग से इलाके की घेराबंदी की और पांडेय घाट के पास दोनों अपराधियों को धर दबोचा।

रंगदारी न मिलने पर की थी फायरिंग
पूछताछ के दौरान, दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे प्रिंस खान गिरोह के सदस्य हैं। उन्होंने खुलासा किया कि हरेराम सिंह से रंगदारी न मिलने पर उन्होंने 10 अक्टूबर की रात उनके घर पर गोलीबारी की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये दोनों शहर में प्रिंस खान गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम करते थे।

लंबा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार शूटरों का आपराधिक इतिहास रहा है। ये पहले भी हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं। इस फायरिंग की घटना के संबंध में पुलिस पहले ही तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Share This Article