डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : चक्रधरपुर मंडल की आरपीएफ उड़नदस्ता टीम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई इस कार्रवाई में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से कुल 37.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। यह पूरी कार्रवाई सीसीटीवी निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के कारण सफल हो सकी।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े तीन बजे 18006 समलेश्वरी एक्सप्रेस टाटानगर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर रुकी। ट्रेन से उतरे तीन युवक, जिनके पास भारी ट्राली और पिट्ठू बैग थे, नए फुट ओवरब्रिज के रास्ते बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा बलों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्हें रोककर तलाशी ली गई। बैग खोलने पर प्लास्टिक में पैक किया गया भारी मात्रा में गांजा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इसे ओडिशा के रुपरा से लेकर आए थे और उत्तर प्रदेश के बनारस में खपाने की योजना थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंजूर अली (पश्चिमी चंपारण), विवेकानंद गुप्ता (कुशीनगर) और अशोक गिरी (बलिया) के रूप में हुई है। आरपीएफ ने कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को टाटानगर रेल पुलिस के हवाले कर दिया है।

