आसनसोल : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बराचक रेलवे स्टेशन पर सतर्कता दिखाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को भारी मात्रा में चांदी के गहनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 14 किलो चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं, जिन्हें वह बैग में छिपाकर ले जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रही RPF टीम को आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और बार-बार बयान बदलता रहा। इसके बाद जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें बड़ी मात्रा में चांदी के गहने पाए गए।
RPF अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के पास गहनों से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज नहीं था। संदेह बढ़ने पर उसे हिरासत में लेकर कुमारपुर स्थित बराचक RPF पोस्ट लाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को सूचना दी गई। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर गहनों की जांच और आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में अवैध लेन-देन और तस्करी की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल गहनों के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

