लातेहार में ACB की बड़ी कार्रवाई, घूस लेते जिला परिषद का ‘बड़ा बाबू’ रंगेहाथ गिरफ्तार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: झारखंड में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की दिशा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी ने जिला परिषद कार्यालय के बड़ा बाबू संतोष सिंह को 65,000 रुपए की घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे समाहरणालय परिसर में हड़कंप मच गया।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक बड़वागड़हा पंचायत के एक कार्य के ‘टाइम एक्सटेंशन’ के कागजात काटने के एवज में बड़ा बाबू संतोष सिंह ने शिकायतकर्ता संतोष पांडेय उर्फ बबलू पांडेय से 65,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से मना कर दिया और तुरंत एसीबी के पलामू प्रमंडलीय कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई। एसीबी ने मामले की गहन जांच शुरू की।

ACB ने ऐसे बिछाया जाल
जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने बड़ा बाबू संतोष सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज किया।गुरुवार को एसीबी की टीम ने एक दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया। जैसे ही संतोष सिंह ने वादिनी से 65,000 रुपये लिए, एसीबी की टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद का माहौल
संतोष सिंह की गिरफ्तारी की खबर जंगल की आग की तरह फैली, जिससे समाहरणालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि जवानों ने जब संतोष सिंह को पकड़ा, तो कई कर्मचारी दफ्तर छोड़कर भाग खड़े हुए।

Share This Article